ऑटो सवार महिला से मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

SASARAM NEWS.आरा-सासाराम मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव के समीप बुधवार की शाम ऑटो में सवार महिला से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने वाले बाइक सवार बदमाश को लोगों ने पीछा कर मां काली मंदिर, संझौली के समीप पकड़ लिया.

By ANURAG SHARAN | May 14, 2026 4:05 PM

संझौली.

आरा-सासाराम मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव के समीप बुधवार की शाम ऑटो में सवार महिला से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने वाले बाइक सवार बदमाश को लोगों ने पीछा कर मां काली मंदिर, संझौली के समीप पकड़ लिया. पकड़ते ही लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी. बाद में आरोपित व उसकी बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया गया. जबकि उसका एक साथी लोगों को चकमा देकर फरार हो गया. पीड़ित महिला के पति करमैनी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह ने थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है. आवेदन के अनुसार, वह अपनी पत्नी रेणु देवी के साथ सासाराम से दवा लेकर ऑटो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिकठी गांव के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने ऑटो रुकवाया और पीछे बैठी उनकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने लगे. शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर एक बदमाश को पकड़ लिया. थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित प्रिंस कुमार है, जो बिक्रमगंज स्थित आस्कामिनी मंदिर के समीप का निवासी बताया जा रहा है. वहीं फरार आरोपित की पहचान बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी बाबूलाल नट के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है .