सासाराम: मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

SASARAM NEWS : . सभी आयोजकों को निर्धारित समय और तय मार्ग का पालन करते हुए जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया है.

By Rajeev Kumar | June 24, 2026 7:16 AM

सासाराम से प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट
SASARAM NEWS : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार की रात जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में सासाराम नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को शांति, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने का संदेश दिया गया.

संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती

जिला पदाधिकारी ने बताया कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय स्थापित किया गया है तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों को चिन्हि्त कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे.

सासाराम: मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च 2

ताजिया जुलूस के लिए रूट मैप तय

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन जुलूसों को लाइसेंस जारी किया गया है, उनके लिए समय एवं मार्ग निर्धारित कर दिया गया है. सभी आयोजकों को निर्धारित समय और तय मार्ग का पालन करते हुए जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया है. किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ड्रोन कैमरों से की जाएगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन द्वारा वीडियोग्राफी, ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी. अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.