रोहतास के नोखा में पंचायत कार्यक्रम, विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने गिनाईं विकास योजनाएं, बोले-पंचायतों की भूमिका अहम

Rohtas Nokha panchayat program : रोहतास के नोखा में पंचायत हितैषी कार्यक्रम का आयोजन हुआ. विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने पंचायतों को विकास की रीढ़ बताया. सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और योजनाओं के लाभ पर दिया जोर. ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, समाधान का दिया गया आश्वासन.

By Ragini Sharma | June 28, 2026 2:30 PM

Rohtas Nokha panchayat program : रोहतास जिले के नोखा प्रखंड की हथिनी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में रविवार को पंचायत हितैषी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा की आवास समिति के अध्यक्ष सह नोखा विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी रहे. उनके साथ पश्चिमी जिला पार्षद कृष्ण मुरारी उर्फ मेलु मिश्रा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह हथिनी पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह, बीसीओ मनीष कुमार, बीपीएम रविकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, जीविका दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

Sasaram News : पंचायतों को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि गांवों के समग्र विकास में पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि सरकार पंचायतों को सशक्त बनाकर विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा और कृषि से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं.

योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे

बीस सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. वहीं हथिनी पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.

Nokha panchayat program : राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने कहा कि राजस्व और भूमि से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित अन्य सरकारी सेवाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं की सूचना प्रशासन को दें, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके.

ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया गया. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

Also Read : रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल