रसोई गैस की किल्लत, थाने के गेट पर लगी सिलेंडरों की लंबी कतार

मांग के मुकाबले आवंटन कम होने से बिगड़ी व्यवस्था, घंटों इंतजार करने को मजबूर लोग.

By ANURAG SHARAN | March 25, 2026 5:21 PM

थाने के गेट पर कतार में रखे सिलिंडर, नियंत्रित वितरण शुरू अतिरिक्त आवंटन नहीं मिलने से एजेंसियों की मजबूरी फोटो -21-बिक्रमगंज थाना के मुख्य गेट पर कतारबद्ध सिलेंडर को अपनी बारी का इंतजार प्रतिनिधि, बिक्रमगंज नगर में रसोई गैस सिलिंडरों की बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं. इसका प्रत्यक्ष नजारा बुधवार को बिक्रमगंज थाना के मुख्य गेट पर देखने को मिला, जहां सड़क किनारे गैस सिलिंडरों की एक लंबी कतार लगी रही. सिलिंडरों की यह कतार इस बात की गवाही दे रही थी कि आम जनता को ईंधन के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ रही है. स्थानीय गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, अचानक मांग में हुई बढ़ोतरी के कारण आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई है. आवंटन कम होने की वजह से सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध करा पाना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है. असंतोष और अफरा-तफरी की स्थिति को देखते हुए बुधवार को पुलिस प्रशासन के सहयोग से थाने गेट के समीप नियंत्रित तरीके से वितरण कराया गया. वितरण स्थल पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें घंटों कतार में खड़े रहना पड़ रहा है, फिर भी आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आपूर्ति बढ़ायी जाए ताकि बार-बार एजेंसियों के चक्कर न लगाने पड़ें. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.