छठी कार्यक्रम से घर लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत

शिवसागर के पास डिवाइडर से टकरायी बाइक, हुआ हादसा

By PANCHDEV KUMAR | February 23, 2026 9:50 PM

इंद्रपुरी. भैसहां पंचायत के नारायणपुर निवासी श्रीनाथ लाल के 48 वर्षीय पुत्र राजा सिन्हा उर्फ बब्लू का शव सोमवार को गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनकी मौत रविवार की देर शाम शिवसागर के पास सड़क दुर्घटना में हो गयी थी. बताया जाता है कि राजा सिन्हा रविवार को कुदरा में अपने चचेरे भाई के पोते के छठी कार्यक्रम में गये थे. वहां से नारायणपुर स्थित घर लौटने के दौरान शिवसागर के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गयी. हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. फोटोस्टेट दुकान से चलाते थे घर: मृतक डेहरी प्रखंड कार्यालय के समीप फोटोस्टेट की दुकान चलाकर पत्नी बबीता देवी, दो पुत्र आदित्य व शरद तथा दो पुत्री सीबू व पुटुन का भरण-पोषण करते थे. उनके पिता श्रीनाथ लाल और माता सोना देवी का निधन कई वर्ष पूर्व हो चुका है. वह चार भाइयों व चार बहनों में सबसे छोटे थे. मूल रूप से भोजपुर जिले के मोआप खुर्द निवासी राजा सिन्हा पिछले 25 वर्षों से नारायणपुर में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे. वर्ष 2016 से 2021 तक वह भैसहां पंचायत के वार्ड संख्या 12 के वार्ड सदस्य भी रह चुके थे. उनके पिता श्रीनाथ लाल पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत थे.