भाई ही निकला किशोरी का हत्यारा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

SASARAM NEWS.करगहर थाना क्षेत्र के खनेठी गांव में शुक्रवार की रात एक किशोरी की गयी हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है.

By ANURAG SHARAN | May 10, 2026 3:41 PM

किशोरी के प्रेमी को भी पुलिस ने सुधारगृह भेजा

शनिवार को कोचस थाना क्षेत्र के धर्मावती नदी के तट पर मिला था किशोरी का अधजला शव

घर में प्रेमी के साथ बहन को देखकर गला दबाकर ले ली जान, बाद में की शव को जलाने की कोशिश

करगहर

. करगहर थाना क्षेत्र के खनेठी गांव में शुक्रवार की रात एक किशोरी की गयी हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले मे किशोरी के पिता सुरेंद्र पासवान व उसके भाई कृष्णा कुमार को गिरफ्तार किया है.इस बारे में सदर डीएसपी टू कुमार वैभव ने बताया कि शनिवार को कोचस थाना क्षेत्र के कोहकर गांव के समीप धर्मावती नदी के तट से एक किशोरी की अधजला शव बरामद किया गया था. शव की पहचान खनेठी गांव निवासी सुरेंद्र पासवान की 16 वर्षीय बेटी चंचल कुमारी के रूप में की गयी थी. उन्होंने कहा कि शव की पहचान होने के बाद किशोरी के पिता व उसके भाई से पूछताछ की गयी. पूछताछ के दौरान किशोरी के भाई ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मेरी बहन परसथुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले एक किशोर से फोन पर बात करती थी. शुक्रवार की देर रात उसने फोन कर किशोर को मेरे घर बुला लिया था. किशोर के घर में आने की जानकारी मुझे हो गयी.उसी समय मैने किशोर को मारपीट कर घर से भगा दिया. इसके बाद मैने अपनी बहन को मारपीट करते हुए उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. इस घटना के वक्त मेरे पिता घर में मौजूद नही थे. बहन की मौत के बाद मैने अपने पिता को फोन कर घर बुलाया. जिसके बाद मैं और मेरे पिता ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे कोहकर गांव के समीप स्थित नदी किनारे ले जाकर उसके चेहरे को जला दिया, ताकि शव की पहचान नहीं की जा सके.इस दौरान रात खत्म होने वाली थी और नदी की तरफ कोहकर गांव के ग्रामीणों का आवागमन शुरू होने लगा. जिसके बाद हमलोग शव को अधूरा जला छोड़कर कर ही अपने घर चले गये. डीएसपी ने बताया कि मृतका भी नाबालिग थी व उसका प्रेमी भी नाबालिग था.लेकिन, किशोरी की मां की लिखित शिकायत मे कहा गया है कि उक्त किशोर मेरे घर में घुसकर मेरी बेटी की इज्जत लुटना चाहता था.जिसके आलोक में मृतका के प्रेमी को विधि निरुद्ध करते हुए उसे भी किशोर सुधार गृह भेज दिया गया.