आग से बचाव और प्राथमिक उपचार की दी गयी जानकारी
SASARAM NEWS.शहर के बेदा स्थित पुलिस लाइन महिला बटालियन में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की ओर से मॉकड्रिल आयोजित की गयी. इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों को आग से निबटने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गयी.
By Vikash Kumar |
February 20, 2026 8:59 PM
शहर के बेदा स्थित पुलिस लाइन महिला बटालियन में अग्निशमन विभाग की मॉकड्रिल
सासाराम ग्रामीण.
शहर के बेदा स्थित पुलिस लाइन महिला बटालियन में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की ओर से मॉकड्रिल आयोजित की गयी. इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों को आग से निबटने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गयी. आग पर काबू पाने के साथ घायलों को प्राथमिक उपचार देने के भी तरीके सिखाये गये. दमकल कर्मियों ने निर्धारित स्थान पर आग लगाकर बताया कि आग को किस तरह नियंत्रित किया जाता है और आग में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कौन-कौन से उपाय अपनाये जाते हैं. ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों का भी रिहर्सल कराया गया. जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि सासाराम अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनीति कुमारी के नेतृत्व में प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में बताया गया कि सिलिंडर में आग लगने पर वह तुरंत नहीं फटता, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है. ऐसी स्थिति में गीले कपड़े से ढककर या रेगुलेटर बंद कर आग पर काबू पाया जा सकता है. प्रशिक्षण के दौरान गैस सिलिंडर में आग लगने पर मोटे गीले कपड़े से चारों ओर ढकने, उपयुक्त बाल्टी का उपयोग करने और मेन स्विच बंद करने जैसे उपायों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में हड़बड़ाने के बजाय विवेक से काम लेने की सलाह दी. मौके पर लाला राम, विजय कुमार, अनिल शर्मा, शिवराज कुमार, गुड्डू राम, रणवीर कुमार, सुधीर कुमार, राहुल कुमार, सूरज कुमार, रुपेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अभ्या कुमारी, सुहाना कुमारी, एकलाख अंसारी सहित महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहीं.
...