रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल

Bihar Constable Recruitment Exam : रोहतास के सासाराम में पुलिस सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा शुरू. 18 परीक्षा केंद्रों पर 9552 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. जैमर, CCTV और बायोमेट्रिक से नकल पर सख्त रोक. प्रशासन ने निष्पक्ष और कदाचार मुक्त परीक्षा का दावा किया.

By Ragini Sharma | June 28, 2026 12:59 PM

सासाराम से डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Bihar Constable Recruitment Exam: रोहतास जिले के सासाराम में रविवार को बिहार पुलिस सिपाही (प्रचालक) भर्ती की लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है. यह परीक्षा केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तहत बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में 993 पदों के लिए आयोजित की जा रही है. जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9552 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है. परीक्षा एक ही पाली में आयोजित हो रही है, जिसका समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक निर्धारित है.

सुबह से ही सख्ती, 11 बजे के बाद एंट्री बंद

परीक्षा को लेकर सुबह से ही सभी केंद्रों पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया. अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया, जबकि 11 बजे के बाद किसी को भी एंट्री की अनुमति नहीं दी गई. केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी.

रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल 4

डीएम-एसपी के निर्देश पर कड़े इंतजाम

परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है. डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रौशन कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं. हर परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात हैं, जो लगातार निगरानी बनाए हुए हैं.

रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल 5

Sipahi Bharti Exam: हाईटेक निगरानी- जैमर, CCTV और VoIP कंट्रोल

परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग न हो सके. साथ ही CCTV कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. केंद्राधीक्षकों के लिए नियंत्रण कक्ष में हॉटलाइन (VoIP) फोन की व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क किया जा सके.

रोहतास में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सिपाही भर्ती परीक्षा, 18 केंद्रों पर इतने अभ्यर्थी हुए शामिल 6

बायोमेट्रिक और वीडियोग्राफी से नकल पर रोक

अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश द्वार पर फोटोग्राफी कराई जा रही है. इसके साथ ही बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन भी किया जा रहा है. परीक्षा के दौरान भी वीडियोग्राफी कराई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके.

Sasaram News : प्रशासन का फोकस- शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा

जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं. प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी स्थिति में कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

रोहतास में आयोजित यह परीक्षा सख्त सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के बीच पारदर्शिता का एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आ रही है.

Also Read : रोहतास में आधी रात बिजली कार्यालय पहुंचे DM-SP, बोले-सुरक्षा जांच के बिना सप्लाई पर रोक, व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश