निगम क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए एंटीलार्वा का छिड़काव शुरू

SASARAM NEWS.नगर निगम क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए नगर आयुक्त विकास कुमार ने सभी सफाई एजेंसियों को एंटीलार्वा छिड़काव के लिए पत्र लिखा है.

By Vikash Kumar | February 20, 2026 8:54 PM

एजेंसी ने बिना सुरक्षा उपकरण के सफाईकर्मियों को एंटीलार्वा के छिड़काव में लगाया

सासाराम नगर

.नगर निगम क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए नगर आयुक्त विकास कुमार ने सभी सफाई एजेंसियों को एंटीलार्वा छिड़काव के लिए पत्र लिखा है. पत्र में छिड़काव कार्य की जीपीएस तस्वीर वाट्सएप पर भेजने का निर्देश दिया गया है. वहीं इस पूरे कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी स्वच्छता पदाधिकारी दी गयी है. इसके अलावा पार्षदों को भी अवगत कराने को कहा गया है. इस पत्र के आलोक में शुक्रवार को सफाई एजेंसियों ने अपने क्षेत्र में आनेवाले वार्डों में एंटी लार्वा का छिड़काव शुरू कर दिया है. हालांकि इस कार्य में लगे सफाईकर्मियों को सुरक्षा किट के नाम पर कुछ नहीं दिया गया है. गंदे नालियों में सफाईकर्मी बिना मास्क और जूते के इस दवा का छिड़काव कर रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी बढ़ सकती है.

मुंह ढक कर दवा का छिड़काव करना चाहिए

इस संबंध में वेक्टर डिजिज कंट्रोल ऑफिसर जयप्रकाश गौतम ने बताया कि मच्छरों को मारने के प्रयोग में आनेवाले कोई भी विधि इंसानी शरीर को नुकसान पहुंचाती है. अगर मजदूरों से छिड़काव कराया जा रहा है, तो कम से कम उन्हें मास्क जरूर देना चाहिए. अगर मास्क नहीं है, तो मुंह पर ढक कर दवा का छिड़काव करना चाहिए. ताकि उस दवा का अंश हवा के साथ आपके शरीर में प्रवेश न करे. इसका असर तुरंत, तो नहीं दिखेगा. लेकिन, लगातार यह कार्य करने से परेशानी हो सकती है.