Saran Road Accident : सारण जिले के बनियापुर में सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने रविवार दोपहर एनएच-331 पर बनियापुर मुख्य बाजार के तीनमुहानी के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ला लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया और आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम बनियापुर पंचायत के प्यारेपुर निवासी रामप्रसाद राम के सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की गंडक कॉलोनी के समीप एनएच-331 पर एक ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी. घटना के बाद ग्रामीण पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे..
मुआवजे की आश्वासन पर हटाया जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी दीनानाथ कुमार और बनियापुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया और सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने करीब 45 मिनट बाद जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका.
जाम से यात्रियों को हुई भारी परेशानी
सड़क जाम के कारण एनएच-331 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. चिलचिलाती धूप और उमस के बीच यात्रियों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा, जबकि कई लोग लंबे समय तक जाम में फंसे रहे.
तेज रफ्तार और ओवरटेक पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. उनका आरोप है कि ओवरटेक की होड़ और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने और नियमित यातायात जांच अभियान चलाने की मांग की.
Also Read : सारण में आंगनबाड़ी केंद्र मिला बंद तो सेविका और सहायिका का कटेगा वेतन, जा सकती है नौकरी, DM का आदेश
