Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. जो अपराधी हैं, उन्हें नेपाल जाना ही होगा. उन्होंने कहा कि राज्य से अपराध और अपराधियों का सफाया करने का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
‘अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं रुकेगी’
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में जो कचड़ा भगाने का काम चल रहा है वो चलते रहेगा. अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि सरकार अपराध पर पूरी तरह सख्त है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
महिलाओं के खाते में आएगी दूसरी किस्त
मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को जीविका समूह से जोड़कर उन्हें रोजगार से जोड़ा है. मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता दी गई है और अब दूसरी किस्त भी जारी की जा रही है.
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अगले महीने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बिहार आएंगे. उसी दिन बाकी पात्र महिलाओं के खातों में भी दूसरी किस्त की राशि भेजी जाएगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पंचायत विकास योजना की शुरुआत
सम्राट चौधरी ने पंचायत विकास दिवस पर मुंगेर जिले के टेटिया बंबर में पंचायत विकास योजना का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि पंचायतों को मजबूत किए बिना विकसित बिहार और विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता. यह योजना गांवों के विकास को नई दिशा देगी और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी.
कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री संजय पासवान, सांसद अरुण भारती, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे.
