बिहार में अब चलेगा मोदी-नीतीश मॉडल- मुख्यमंत्री बनते ही सम्राट चौधरी का पहला ऐलान

Samrat Choudhary: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं. शपथ लेने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में विकास का पहिया नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के मॉडल पर ही आगे बढ़ेगा. इस बयान ने नई सरकार की दिशा और सोच दोनों को स्पष्ट कर दिया है.

By Pratyush Prashant | April 15, 2026 3:03 PM

Samrat Choudhary: बिहार की राजनीति में सम्राट युग की विधिवत शुरुआत हो चुकी है. पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद बिहार के 24वें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं.

मीडिया के सामने आए मुख्यमंत्री ने साफ लहजे में कहा कि राज्य में विकास की गति थमेगी नहीं, बल्कि अब नए जोश के साथ डबल इंजन की रफ्तार पकड़ेगी.

मोदी-नीतीश मॉडल पर मुहर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया कि बिहार के विकास का खाका नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल के संगम पर आधारित होगा. उन्होंने राज्य की समृद्धि का संकल्प दोहराते हुए कहा कि जिस रास्ते पर बिहार ने पिछले दो दशकों में सुशासन और स्थिरता की नींव रखी है, उसी पैटर्न को और अधिक मजबूती दी जाएगी.

सम्राट के इस बयान को गठबंधन के भीतर समन्वय और प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार की जनता का विश्वास ही उनकी सरकार के लिए सर्वोपरी होगा.

सोशल मीडिया पर भावुक संदेश- “ईश्वर की शपथ लेता हूं…”

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने डिजिटल मंच से जनता और एनडीए नेतृत्व का आभार व्यक्त किया. उन्होंने अपनी शपथ के शब्दों को साझा करते हुए लिखा कि विकास और समृद्धि की दिशा में उनका हर कदम समर्पित होगा.

अपनी इस नई पारी के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के प्रति विशेष कृतज्ञता प्रकट की. सम्राट ने स्पष्ट किया कि एनडीए के सामूहिक परिश्रम और मार्गदर्शन में एक सशक्त बिहार का निर्माण करना ही उनका अंतिम लक्ष्य है.

नीतीश की विरासत को आगे ले जाने का संकल्प

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के शुभकामना संदेश का जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने उन्हें आदरणीय संबोधित किया और कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार को सुशासन की जो मजबूत नींव मिली है, उसे वे नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.

नीतीश कुमार के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए सम्राट ने संदेश दिया कि यह नई सरकार अनुभव और युवा जोश का एक संतुलित मिश्रण होगी, जो 2030 के विकसित बिहार के सपने को पूरा करेगी.

Also Read: बिहार की राजनीति में पावर स्टार की एंट्री, पवन सिंह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई, बढ़ाया हौसला