Traffic Volunteers Samastipur: निगम प्रशासन की पहल, ट्रैफिक जाम से निपटने को 11 ट्रैफिक वॉलंटियर्स की तैनाती

Traffic Volunteers Samastipur: नगर निगम ने ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस वेरिफिकेशन और विशेष ट्रेनिंग के बाद 11 ट्रैफिक वॉलंटियर्स को मैदान में उतारा है. इसके साथ ही रात में सफाई करने वाले नाइट क्लीनर्स को सुरक्षा के लिए विशेष पोशाक और आईडी कार्ड दिए गए हैं.

By सुनील कुमार सिंह | July 1, 2026 11:26 AM

समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट

Traffic Volunteers Samastipur: शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है. निगम ने पहले चरण में 11 ट्रैफिक वॉलंटियर्स की तैनाती की है, जो शहर के अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के सहयोगियों के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे. मंगलवार को स्टेशन चौक पर आयोजित एक भव्य समारोह में मेयर अनिता राम और नगर आयुक्त ने सभी चयनित वॉलंटियर्स को फोटोयुक्त पहचान पत्र, वर्दी और डंडा सौंपकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये सभी वॉलंटियर्स बुधवार से सड़कों पर अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे.

पुलिस वेरिफिकेशन के बाद हुआ चयन, मिला विशेष प्रशिक्षण

ट्रैफिक वॉलंटियर्स की चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई थी. सभी आवेदकों का पहले ट्रैफिक थाने से पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) कराया गया, जिसके बाद 11 योग्य अभ्यर्थियों को चुना गया. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों द्वारा उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया. इस ट्रेनिंग में उन्हें जाम की स्थिति में वाहनों को सुरक्षित निकालने, सड़क सुरक्षा के नियमों, आम जनता से शालीन व विनम्र व्यवहार करने और किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित को तत्काल प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देने के गुर सिखाए गए हैं.

वॉलंटियर्स को मिलेगा दैनिक भत्ता

मेयर अनिता राम ने बताया कि शहर में वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आए दिन लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ता है. इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए इन वॉलंटियर्स की नियुक्ति की गई है, जो ट्रैफिक पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे. नगर निगम प्रशासन इन वॉलंटियर्स को सहयोग के बदले 250 रुपये प्रतिदिन का दैनिक भत्ता भी प्रदान करेगा. निगम को पूरी उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.

नाइट क्लीनर्स की सुरक्षा के लिए सौंपी गई विशेष ड्रेस और आईडी कार्ड

इस समारोह के दौरान नगर निगम प्रशासन ने रात के समय शहर की साफ-सफाई की कमान संभालने वाले सभी नाइट क्लीनर्स को भी फोटो युक्त आईडी कार्ड और विशेष पोशाक वितरित की. मेयर ने स्पष्ट किया कि रात में पहचान पत्र न होने के कारण अक्सर सफाईकर्मियों को सुरक्षा संबंधी दिक्कतों और संदेह का सामना करना पड़ता था. अब इस नई व्यवस्था से वे बिना किसी डर या खतरे के अपनी ड्यूटी कर सकेंगे. इस मौके पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनीष कुमार और कई वार्ड पार्षद मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें: मगरदहीघाट में घर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और केन बीयर बरामद, गृहस्वामी फरार