“48 घंटे में 2 करोड़ दो, नहीं तो पूरे परिवार को मार देंगे!” कारोबारी को माफिया सिंडिकेट की धमकी
Samastipur Crime News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय में एक व्यवसायी से कथित माफिया सिंडिकेट के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. 48 घंटे में रकम नहीं देने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी गई. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुनाल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Samastipur Crime News: दलसिंहसराय शहर में एक व्यवसायी से कथित माफिया सिंडिकेट के नाम पर दो करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अज्ञात बदमाश ने व्यवसायी को फोन कर 48 घंटे के भीतर रकम का इंतजाम करने को कहा और मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी दी. पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
अज्ञात नंबर से आया धमकी भरा फोन
पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब 6:48 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को एक बड़े अपराधी गिरोह का सदस्य बताते हुए दावा किया कि समस्तीपुर, पटना और बेगूसराय जिलों में उनका “माफिया सिंडिकेट” सक्रिय है. उसने डेढ़ से दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग करते हुए 48 घंटे के भीतर रकम उपलब्ध कराने को कहा.
परिवार को जान से मारने की दी धमकी
व्यवसायी द्वारा इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. बदमाश ने यह भी कहा कि उसे व्यवसायी के घर, दुकान और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों की पूरी जानकारी है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है. उसने चेतावनी दी कि यदि मामले की सूचना पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
पुलिस को सौंपी कॉल रिकॉर्डिंग
पीड़ित व्यवसायी ने पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है.
तकनीकी सर्विलांस के सहारे जांच
पुलिस तकनीकी सर्विलांस, टावर लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है. स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: जर्जर झोपड़ियों में चल रहे 140 आंगनबाड़ी केंद्र, 80 लाख खर्च के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था
