Samastipur News: सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम का प्रहार, गुदरी बाजार से वसूला जुर्माना

Samastipur News: नगर निगम ने गुदरी बाजार में छापेमारी कर 25 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया है. स्वच्छता पदाधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दुकानदारों से 8,000 रुपये जुर्माना वसूला गया और भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी गई. पढ़ें पूरी खबर…

By Aniket Kumar | May 14, 2026 11:12 AM

समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट

Samastipur News: समस्तीपुर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अपनी सख्ती बढ़ा दी है. इसी कड़ी में निगम की टीम ने शहर के व्यस्ततम गुदरी बाजार में सघन जांच अभियान चलाया. स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी के दौरान विभिन्न दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लगभग 25 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक के थैले बरामद किए गए.

दुकानदारों पर 8 हजार रुपये का आर्थिक दंड

अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण और उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई. निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों से कुल 8,000 रुपये का जुर्माना वसूला. स्वच्छता पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग किया गया, तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पर्यावरण सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान

स्वच्छता प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए एक गंभीर खतरा है. नगर निगम की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, जिसके लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे. उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैले या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का चयन करें. इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही.