दलसिंहसराय में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी पिस्टल और कारतूस के साथ दो दबोचे गए

Samastipur Crime News: दलसिंहसराय के सरदारगंज चौक के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस हथियार के स्रोत और आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है.

By Purushottam Kumar | July 2, 2026 9:39 PM

समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुणाल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur Crime News: दलसिंहसराय शहर के सरदारगंज चौक के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों युवक हथियार लेकर बाजार क्षेत्र में घूम रहे थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों से थाना में पूछताछ की जा रही है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध हथियार के साथ सरदारगंज इलाके के अमर सिंह स्थान के आसपास मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की. तलाशी के दौरान एक युवक के पास से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए.

दोनों आरोपित गिरफ्तार

गिरफ्तार युवकों की पहचान रामाश्रय साहनी के पुत्र गणेश सहनी तथा संजीव कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को मौके से हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया और पूछताछ शुरू कर दी.

हथियार के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

दरोगा सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.

आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.