Samastipur News:ताजपुर में अज्ञात वाहन से कुचल कर चार वर्षीय बच्चे की मौत

थाना क्षेत्र के असाढ़ी गांव में ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन सड़क पर बुधवार को सड़क पार करने के क्रम में एक चार वर्षीय बच्चे को अज्ञात बाइक चालक ने कुचल दिया

By KRISHAN MOHAN PATHAK | September 18, 2025 6:21 PM

Samastipur News:ताजपुर : थाना क्षेत्र के असाढ़ी गांव में ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन सड़क पर बुधवार को सड़क पार करने के क्रम में एक चार वर्षीय बच्चे को अज्ञात बाइक चालक ने कुचल दिया. घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से जख्मी बच्चे को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम ले गये. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृत बच्चे की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के माधोडीह सातनपुर निवासी अमरेश कुमार के चार वर्षीय पुत्र अभिराज कुमार के रूप में बतायी गयी है. बच्चा एक सप्ताह पूर्व अपनी मां के साथ रामापुर महेसपुर पंचायत के असाढ़ी गांव अपने नाना सोनेलाल दास के यहां आया था. घटना के दिन ही उसका जन्मदिन भी था. बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सभी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है. पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है