Samastipur News : नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप को 15 से ऑनलाइन आवेदन

राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति के लिए चयन परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. आठवीं में पढ़ रहे विद्यार्थी अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

By KRISHAN MOHAN PATHAK | September 15, 2025 6:50 PM

प्रतिनिधि, समस्तीपुर : राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति के लिए चयन परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. आठवीं में पढ़ रहे विद्यार्थी अब ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है. परीक्षा 16 नवंबर को आयोजित की जायेगी. परीक्षा में चयनित विद्यार्थी को कक्षा 9 से 12 वीं तक नियमित अध्ययनरत रहने पर प्रत्येक वर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृति प्रदान करेगी. यह स्कॉलरशिप स्कीम आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए है. इसका मकसद प्रतिभाशाली छात्रों को आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने की दर कम करना है. स्कॉलरशिप के लिए बच्चे को आठवीं पास होना जरूरी है. साथ ही सातवीं कक्षा 55 फीसदी अंकों से पास होना जरूरी है. आरक्षित वर्ग के छात्रों को सातवीं कक्षा 50 फीसदी अंकों से पास की होनी चाहिए. आवेदन के समय आवेदक के परिवार की सालाना आय तीन लाख 50 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए. सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. लेकिन यह स्कीम प्राइवेट स्कूलों, सैनिक स्कूलों, जवाहर नवोदय विद्यालय और केवीएस में पढ़ने वाले छात्रों के लिए नहीं है. यह स्कॉलरशिप 12वीं पास होने तक प्रदान की जायेगी. लेकिन आगे लाभ पाने के लिए 10वीं कम से कम 60 फीसदी अंकों और 11वीं 55 फीसदी अंकों से पास करनी होगी. बच्चों को मानसिक योग्यता परीक्षण और शैक्षिक योग्यता परीक्षण से जुड़े परीक्षा में सम्मिलित होना होगा. दोनों भागों में 90 प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न के लिए 1 अंक होगा. प्रत्येक भाग के लिए कुल अंक 90 होंगे. मानसिक क्षमता परीक्षण यह खंड तर्क, विश्लेषण और संश्लेषण पर ध्यान केंद्रित करेगा. इसका उद्देश्य छात्रों की तार्किक सोच और समस्या समाधान क्षमताओं का आकलन करना है. वही शैक्षिक योग्यता परीक्षण इस खंड में विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान विषयों से प्रश्न शामिल होंगे. यह इन प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्रों में छात्रों के ज्ञान और समझ का परीक्षण करेगा. अभिभावक व छात्रों को शाला दर्पण पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है