पटना के महावीर मंदिर में हाई अलर्ट, लाखों श्रद्धालुओं के लिए खास तैयारी

Ram Navami 2026: रामनवमी के मौके पर पटना के महावीर मंदिर में हर साल भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे व्यवस्था बड़ी चुनौती बन जाती है. श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है और ट्रैफिक भी पूरी तरह प्रभावित होता है. इस बार प्रशासन ने दावा किया है कि दर्शन आसान और सुरक्षित होंगे, इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है.

By Pratyush Prashant | March 22, 2026 3:42 PM

Ram Navami 2026: पटना में रामनवमी का उल्लास अभी से दिखने लगा है. महावीर मंदिर में इस साल लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है. पटना के जिलाधिकारी (DM) एस.एम. त्यागराजन और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हो चुकी है, जिसमें भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के हर पहलू पर बारीकी से चर्चा की गई.

प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार भक्तों को न केवल सुगम दर्शन मिले, बल्कि उन्हें गर्मी और भीड़ से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम भी हों.

डीएम ने बताया ‘एक्शन प्लान’

पटना डीएम ने बैठक के बाद स्पष्ट किया कि महावीर मंदिर में रामनवमी के दिन पैर रखने की जगह नहीं होती, इसलिए भीड़ व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. मंदिर परिसर और उसके आसपास पेयजल, अस्थाई शौचालय और छांव की विशेष व्यवस्था की जा रही है.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर मापदंड पर तैयारियां चल रही हैं ताकि लोग भीषण गर्मी में भी कतारों में सुरक्षित खड़े रह सकें. मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए जगह-जगह एम्बुलेंस तैनात रहेंगी और डॉक्टरों की टीम मुस्तैद रहेगी.

बैरिकेडिंग से लेकर ड्रोन तक नजर

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बताया कि सुचारू रूप से दर्शन कराने के लिए पूरे इलाके में मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. भारी संख्या में पुलिस बल की नियुक्ति की जाएगी ताकि कहीं भी भगदड़ जैसी स्थिति न बने.

एसएसपी के अनुसार, ट्रैफिक को इस तरह से डायवर्ट किया गया है कि आम लोगों को भी परेशानी न हो और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी पार्किंग की उचित जगह मिल सके. सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे.

तकनीक और सुविधा का मेल

प्रशासन इस बार सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पल-पल की निगरानी करेगा. मंदिर के भीतर और बाहर बड़ी स्क्रीनें लगाई जा सकती हैं ताकि कतार में पीछे खड़े लोग भी आरती और दर्शन का लाइव लाभ उठा सकें. पार्किंग के लिए विशेष स्थलों को चिह्नित किया गया है और ट्रैफिक प्लान को सार्वजनिक किया जा रहा है ताकि अंतिम समय में अफरा-तफरी न मचे. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जा रही है.

रामलला के जन्मोत्सव और महावीर मंदिर की भव्यता को देखने के लिए पटना पूरी तरह तैयार है.(वैभव की रिपोर्ट)

Also Read: अनंत सिंह जेल से कब आयेंगे बाहर? भव्य स्वागत की हो रही तैयारी