पूर्णिया के 18 केंद्रों पर 13,872 अभ्यर्थी होंगे शामिल
पूर्णिया. मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) के अंतर्गत कक्षपाल तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही पदों पर नियुक्ति के लिए 17 जून (बुधवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने संयुक्त आदेश जारी किया है.जिला मुख्यालय में बनाये गये हैं 18 परीक्षा केंद्र
जिला मुख्यालय में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. दोनों पालियों में 6,936-6,936 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इस प्रकार कुल 13,872 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. जारी निर्देश के अनुसार परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, एटीएम कार्ड, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागजात एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा.