अररिया के फारबिसगंज से मो. कलीम उद्दीन की रिपोर्ट.
Araria News: सनातन बोर्ड परिषद ने बिहार में अपने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत निवासी प्रफुल्ल कुमार दास को पूर्णिया प्रमंडल (बिहार प्रदेश) का सह-कोऑर्डिनेटर मनोनीत किया है. संगठन का कहना है कि इस नियुक्ति का उद्देश्य प्रमंडल स्तर पर परिषद की गतिविधियों को मजबूत करना और संगठन को जमीनी स्तर तक विस्तार देना है.
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रफुल्ल कुमार दास ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
संगठन विस्तार के तहत हुआ मनोनयन
जानकारी के अनुसार यह मनोनयन सनातन बोर्ड परिषद के राष्ट्रीय संयोजक अमित भारद्वाज की सहमति से किया गया. बिहार प्रदेश संगठन मंत्री एवं सह-कोऑर्डिनेटर देवानंद मिश्र तथा प्रदेश संयोजक मुनचुन झा ने उन्हें पूर्णिया प्रमंडल के सह-कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी.
संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि नई टीम के गठन से परिषद की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा विभिन्न जिलों में संगठनात्मक कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा.
Araria News: नई जिम्मेदारी पर क्या बोले प्रफुल्ल कुमार दास
मनोनीत होने के बाद प्रफुल्ल कुमार दास ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक मत या संप्रदाय नहीं, बल्कि जीवन जीने की शाश्वत पद्धति और ब्रह्मांडीय सत्य को समझने का मार्ग है.
उन्होंने कहा कि परिषद ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे. साथ ही सनातन धर्म की विचारधारा, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे.
समर्थकों और शुभचिंतकों ने दी शुभकामनाएं
प्रफुल्ल कुमार दास के सह-कोऑर्डिनेटर मनोनीत होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी. शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन पूर्णिया प्रमंडल में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देगा.
स्थानीय लोगों ने भी इस मनोनयन को क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं.
