पटना वीमेंस कॉलेज : करियर मार्गदर्शन और एआइ की चुनौतियों पर विशेष सत्र आयोजित

पटना वीमेंस कॉलेज (स्वायत्त) में गुरुवार को छात्राओं के सर्वांगीण विकास और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.

By JUHI SMITA | January 22, 2026 7:40 PM

संवाददाता, पटना पटना वीमेंस कॉलेज (स्वायत्त) में गुरुवार को छात्राओं के सर्वांगीण विकास और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कॉलेज के कॉमर्स विभाग और लेक्सिकॉन लैंग्वेज क्लब की ओर से आयोजित इन सत्रों में विशेषज्ञों ने करियर की संभावनाओं और कृत्रिम बुद्धिमता (एआइ) के नैतिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. एसजेसीसी बेंगलुरु के सहयोग से छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन कॉमर्स विभाग द्वारा सेंट जोसेफ्स कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजेसीसी), बेंगलुरु के सहयोग से कार्मेल हॉल में बीकॉम फाइनल इयर की छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत डीन और विभागाध्यक्ष डॉ सूफिया फातिमा के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उच्च शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया. एसजेसीसी की डॉ कोमल ए डेव ने स्नातकोत्तर कार्यक्रमों, इंटर्नशिप और शोध सुविधाओं की जानकारी दी, जबकि फादर जीवन इसहाक एसजे ने प्रवेश प्रक्रियाओं से अवगत कराया. एआइ में निहित पूर्वाग्रहों और भाषाई चुनौतियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दूसरी ओर, कॉलेज के लेक्सिकॉन लैंग्वेज क्लब की ओर से एमवीइआइसी हॉल में एआइ और संवादात्मक चुनौतियां: पूर्वाग्रहों की पहचान और समाधान विषय पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ. मुख्य वक्ता आइआइटी पटना की डॉ श्वेता सिन्हा ने बताया कि कैसे मानवीय पूर्वाग्रह एआइ एल्गोरिद्म में शामिल होकर लैंगिक और सांस्कृतिक रूढ़ियों को बढ़ावा दे सकते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है