पटना में सोने की चेन लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कोलकाता फरार होने के फिराक में था शातिर

Patna Crime News : पटना में एसटीएफ और जिला पुलिस ने ऑटो गैंग के सरगना रोहित कुमार को गिरफ्तार किया. वह चेन स्नैचिंग मामले में फरार था और कोलकाता भागने की तैयारी में था. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल और कोलकाता का कन्फर्म टिकट बरामद किया.

By Nikhil Anurag | July 6, 2026 8:05 PM

पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime News : एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को ऑटो गैंग के शातिर अपराधी रोहित कुमार को कदमकुआं थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मूल रूप से कदमकुआं के मछुआटोली का निवासी है. उसके पास से एक मोबाइल फोन और कोलकाता जाने का कन्फर्म रेल टिकट बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, यदि समय रहते गिरफ्तारी नहीं होती तो वह कोलकाता फरार हो जाता.

पुलिस के मुताबिक रोहित कुमार कदमकुआं के एक होटल में छिपा हुआ था और वहां से पटना जंक्शन पहुंचकर कोलकाता जाने की तैयारी में था. एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे दबोच लिया गया. जांच में यह भी सामने आया है कि वह कोलकाता में अपने गैंग के साथ मिलकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था.

धनुकी मोड़ के पास छीनी थी सोने की चेन

पुलिस के अनुसार रोहित कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर 19 मई 2026 को अगमकुआं थाना क्षेत्र के धनुकी मोड़ के पास मुजफ्फरपुर के फकुली निवासी चंद्रभूषण कुमार से सोने की चेन लूट ली थी. पीड़ित ने इस संबंध में अगमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार चंद्रभूषण कुमार 19 मई की सुबह राजेंद्र नगर टर्मिनल पर उतरकर बस पकड़ने के लिए ऑटो में सवार हुए थे. रास्ते में आरोपी ऑटो को धनुकी मोड़ के समीप ले गए और उनके गले से सोने की चेन छीन ली. इसके बाद उनका सामान सड़क पर फेंककर उन्हें ऑटो से उतार दिया और फरार हो गए.

कई मामलों में वांछित था आरोपी

जांच के दौरान इस वारदात में रोहित कुमार का नाम सामने आया था और तभी से वह फरार चल रहा था. पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

Also Read: पटना में DSP ऑफिस के सामने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे 17 बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार और लग्जरी गांड़ियां बरामद