गंगा नदी में डूबे दो स्कूली छात्र, एक की मौत

दीघा थाना क्षेत्र स्थित जनार्दन घाट पर गंगा नदी में मंगलवार सुबह बेली रोड इलाके के रहने वाले दो स्कूली छात्र डूब गये. इसमें एक छात्र की मौत हो गयी.

By SANJAY KUMAR SING | May 4, 2026 1:49 AM

संवाददाता, पटना : दीघा थाना क्षेत्र स्थित जनार्दन घाट पर गंगा नदी में मंगलवार सुबह बेली रोड इलाके के रहने वाले दो स्कूली छात्र डूब गये. इसमें एक छात्र की मौत हो गयी. वहीं दूसरे छात्र को स्थानीय लोगों की तत्परता से बचा लिया गया. मृत छात्र की पहचान हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के खजपुरा निवासी हर्ष कक्षा आठ के रूप में हुई है. वहीं बचाये गये छात्र की पहचान एमी कक्षा नौ के रूप में हुई. बताया जाता है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण दोनों छात्र परिजनों को बिना बताये सुबह नौ बजे घर से निकलकर जनार्दन घाट पर गंगा स्नान करने पहुंच गये. दोनों स्नान करने नदी में उतरे, वे गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाये और डूबने लगे. छात्रों को डूबते देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और डायल 112 की टीम को भी सूचना दी. स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद एमी को सुरक्षित पानी से बाहर खींच लिया, लेकिन हर्ष देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया और आंखों से ओझल हो गया.

दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद हुआ शव

घटना की सूचना पर एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया. करीब दो घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद हर्ष का शव बरामद किया जा सका. शव मिलते ही घाट पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर समय रहते बचाव कार्य शुरू नहीं होता, तो दूसरा बच्चा भी अपनी जान गंवा सकता था. दीघा थाना पुलिस ने हर्ष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.