पटना में क्लास 5वीं तक के स्कूल बंद, 6 से 8 की भी बदली टाइमिंग, डीएम का आदेश

School Closed: पटना में क्लास 5वीं तक के स्कूल 20 जून तक बंद रहेंगे. पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम की ओर से आदेश जारी किया गया है. शहर में पड़ रही गर्मी की वजह से यह फैसला लिया गया है. इसके साथ ही 6 से 8 क्लास के बच्चों के लिए टाइमिंग में बदलाव भी किया गया है.

By Preeti Dayal | June 15, 2026 12:40 PM

School Closed: बिहार में मॉनसून की एंट्री के बावजूद लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं. पटना में भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम की ओर से स्कूलों को लेकर आदेश जारी किया गया है. आदेश के मुताबिक, पटना में क्लास 5वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल 20 जून तक बंद रहेंगे. इसके साथ ही सरकारी, प्राइवेट और आंगनबाड़ी केंद्रों की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है.

स्कूल की टाइमिंग में भी बदलाव

डीएम की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक, 6 से 8 क्लास तक की कक्षाएं 10:30 बजे तक ही चलेंगे. जारी किए गए लेटर में यह बताया गया कि जिले में अधिक तापमान और खासकर दोपहर के वक्त पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसी को देखते हुए स्कूल की टाइमिंग में बदलाव किए गए हैं.

पटना में मौसम का हाल

पटना में इन दिनों गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी लोग झेलने के लिए मजबूर हैं. सुबह और शाम के वक्त थोड़ी राहत मिल रही. लेकिन दोपहर के वक्त घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. शहर का तापमान भी 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. ऐसी स्थिति में बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए डीएम ने बड़ा फैसला लिया है.

आज 19 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी

आज मौसम विभाग की ओर से 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.

Also Read: बिहार में बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क की क्या-क्या है खासियत? लगभग 31 करोड़ से ज्यादा किए जायेंगे खर्च