राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष पर गूंजा राष्ट्रगान

एसएसबी सीमांत मुख्यालय पटना की ब्रास बैंड टीम ने शुक्रवार को एम्स पटना परिसर में भव्य देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया.

By VIPIN PRAKASH YADAV | January 24, 2026 1:15 AM

फुलवारीशरीफ. राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय पटना की ब्रास बैंड टीम ने शुक्रवार को एम्स पटना परिसर में भव्य देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम एम्स पटना के प्रशासनिक कार्यालय के सामने आयोजित किया गया, जिसमें एसएसबी की 17 सदस्यीय ब्रास बैंड टीम ने देशभक्ति गीतों की धुनों से परिसर को गूंजित कर दिया. ब्रास बैंड टीम का नेतृत्व हेड कांस्टेबल रुपेश रंजन ने किया, जिन्होंने धुनों के चयन और प्रस्तुति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय चेतना, एकता और देशप्रेम को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों की धुनों से हुई, जिससे उपस्थित लोग भावविभोर हो गए और पूरे परिसर में राष्ट्रीय गर्व की लहर दौड़ गयी. कार्यक्रम में एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो.(ब्रिगे.) डॉ. राजू अग्रवाल, उप निदेशक (प्रशासन) निलोत्पल बल सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सकगण, स्टाफ सदस्य और अन्य कर्मी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ब्रास बैंड की प्रस्तुति को अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायक बताया और इसे राष्ट्रीय एकता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली पहल के रूप में सराहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है