पटना (मनेर) से शोएब खान की रिपोर्ट
Sufi Mahotsav maner : पटना जिले के मनेर स्थित सूफी दरगाह कैफेटेरिया परिसर में पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर रविवार को नगर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान के दौरान मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया.
मुख्य मार्गों से हटाया गया अतिक्रमण
कार्यपालक पदाधिकारी सिद्धार्थ हर्षवर्धन के निर्देश पर नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार की देखरेख और मनेर थाना पुलिस की मौजूदगी में स्टेट हाईवे बिहटा-मनेर, दानापुर मार्ग सहित प्रमुख सड़कों पर अभियान चलाया गया. सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को हटाया गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके.

नगर के प्रमुख इलाकों में हुई कार्रवाई
प्रशासन ने सूफी महोत्सव स्थल से लेकर महादेव स्थान, जमीरगंज, बाजारपर, गांधी हाट मोड़, भगत सिंह स्मारक मोड़, मनेर थाना, पड़ावपर, गांधी मैदान और चर्चपर सहित नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण हटाया. कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के बीच कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा.
कई दुकानदारों पर लगाया गया जुर्माना
नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूफी महोत्सव कार्यक्रम और उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है और इस दौरान मुख्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है. अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया.

पुलिस और नगर कर्मी रहे मौजूद
अभियान में मनेर थाना के एएसआई मुन्ना चौधरी, नगर कर्मी चंदन गुप्ता, मिथिलेश कुमार सागर सहित पुलिस बल और नगर परिषद के कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
इसे भी पढ़ें: किसान पिता के संघर्षों का परिणाम, बेटा SDO बन पहली बार पहुंचा घर, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत
