पटना वीमेंस कॉलेज- दो दिवसीय विज्ञान उत्सव के लिए 24 तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

पटना वीमेंस कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में 26 और 27 फरवरी को दो दिवसीय विज्ञान उत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है.

By JUHI SMITA | February 12, 2026 6:50 PM

संवाददाता,पटना पटना वीमेंस कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में 26 और 27 फरवरी को दो दिवसीय विज्ञान उत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 24 फरवरी है. प्रतिभागी गूगल फॉर्म के जरिये अपना नामांकन सुनिश्चित कर सकते हैं. इस वर्ष के उत्सव का मुख्य विषय एआइ-पावर्ड साइंस फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड विकसित भारत 2047 रखा गया है, जिसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से सतत विकास और आधुनिक विज्ञान के अंतर्संबंधों को प्रदर्शित करना है. कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर एम रश्मि एसी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में रसायन, जूलॉजी, बॉटनी और डेटा साइंस सहित विभिन्न विभागों की ओर से कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी. इनमें एआइ आधारित मॉडल मेकिंग, स्टार्टअप आइडिया प्रेजेंटेशन, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, इ-पोस्टर और थीमैटिक डांस जैसी श्रेणियां शामिल हैं. कार्यक्रम का समन्वय डॉ शोभा श्रीवास्तव और डॉ प्रियदर्शिनी कर रही हैं, जबकि डॉ रोहित सिंह आयोजन सचिव की भूमिका में हैं.