पटना में खत्म होने वाला है इंतजार, जल्द होगी मानसून की एंट्री, उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत

Patna Weather Update: पटना में जल्द मानसून की एंट्री होने वाली है. मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. जानें कब मिलेगी उमस भरी गर्मी से राहत, कैसा रहेगा मौसम और आगे पूरी खबर पढ़ें...

By Karuna Tiwari | June 27, 2026 7:22 AM

Patna Weather Update: पटना में पिछले कई दिनों से लोग भीषण उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान हैं. दिन में तेज धूप और रात में नमी भरी हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. तापमान भले ही बहुत अधिक नहीं है, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा है. अब लोगों की निगाहें मानसून की पहली बारिश पर टिकी हैं, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग ने दी राहत की उम्मीद

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पटना समेत बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है. मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं और अगले एक से दो दिनों में पटना में बारिश की संभावना बढ़ गई है. 28 और 29 जून के दौरान राजधानी में अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.

येलो अलर्ट जारी

चार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने भागलपुर, गोपालगंज, कटिहार और पश्चिमी चंपारण के कुछ हिस्सों के लिए येलो वॉच जारी की है. इन जिलों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है.

पटना में कब होगी मानसून की एंट्री

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसूनी प्रणाली अब बिहार में मजबूत होती जा रही है. इसके प्रभाव से पटना में भी जल्द मानसून सक्रिय होने की संभावना है. मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद राजधानी में लगातार बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे गर्मी और उमस दोनों से राहत मिलेगी.

ALSO READ: ऐप पर तीन गुना दिखने लगा पैसा, निकालने चले तो खुली पोल! पटना में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 11.67 लाख की ठगी