उमस से बेहाल राजधानी को मिलेगी राहत या बढ़ेगी आफत? पटना में ऑरेंज अलर्ट, बारिश और तेज हवा की चेतावनी
Patna Weather Alert: पटना समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी. अगले 2 से 3 घंटे में बारिश, वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना. Patna Weather Today की पूरी जानकारी पढ़ें.
Patna Weather Alert: बिहार में भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोगों के बीच मौसम विभाग ने राहत के साथ चेतावनी भी जारी की है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने पटना समेत 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 घंटे के भीतर पटना के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात, बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
Patna Weather Today: किन क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा नजर
जारी नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार पटना जिले के अथमलगोला, चौकी, पंडारक, बाढ़, बेलछी, मोकामा और बख्तियारपुर प्रखंडों में मौसम तेजी से बदल सकता है. इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. बिजली चमकने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
उमस भरी गर्मी से परेशान पटना के लोगों को राहत की उम्मीद
पिछले कई दिनों से पटना में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन में तेज धूप और रात में नमी के कारण लोग लगातार बेचैनी महसूस कर रहे हैं. घरों और दफ्तरों में पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं. ऐसे में संभावित बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि तेज हवा और वज्रपात के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी होगा.
बिहार के अन्य जिलों में भी मौसम का असर
पटना के अलावा बेगूसराय, वैशाली, समस्तीपुर, नालंदा, नवादा, लखीसराय और शेखपुरा जिलों के कई हिस्सों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं एक अन्य चेतावनी में रोहतास और भभुआ के कुछ क्षेत्रों में भी तेज हवा, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि स्थानीय स्तर पर बन रहे बादलों के कारण मौसम अचानक बदल सकता है.
ALSO READ: Hospital OPD Schedule: पटना के PMCH, NMCH और आयुर्वेदिक कॉलेज का Wednesday OPD
