पटना में नई बनी सड़कें फिर खोदी गईं, पाइपलाइन और नाला निर्माण से लोग परेशान, मानसून में बढ़ी मुश्किलें

Patna News: पटना के कई इलाकों में हाल ही में बनी सड़कों को फिर से खोद दिया गया है. पाइपलाइन और नाला निर्माण के चलते लोगों को जाम, जलजमाव और दुर्घटना का खतरा झेलना पड़ रहा है.

By Karuna Tiwari | July 5, 2026 1:45 PM

पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna News: राजधानी पटना में मानसून से पहले चल रहे निर्माण कार्य लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं. कई जगह हाल ही में बनी सड़कों को फिर से खोदकर पाइपलाइन और नाला निर्माण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

पाटलिपुत्र कॉलोनी में तीन महीने पुरानी सड़क फिर खोदी गई

पाटलिपुत्र कॉलोनी में हाल ही में बनी सड़क को महज तीन महीने बाद ही पाइपलाइन और नाले के काम के लिए खोद दिया गया है. नॉट्रे डेम स्कूल के पास भी नई सड़क को काटकर निर्माण कार्य जारी है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है.

महावीर कॉलोनी में दो साल से अधूरा नाला निर्माण

महावीर कॉलोनी रोड नंबर-9 में पिछले दो वर्षों से नाला निर्माण अधूरा है. यहां 32 से अधिक मैनहोल बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है. बारिश में जलजमाव की स्थिति और खराब हो सकती है.

अधूरा नाला निर्माण

Patna News: चंद्रविहार कॉलोनी में खुला मैनहोल बना खतरा

चंद्रविहार कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने के बाद मैनहोल को बिना ढक्कन के छोड़ दिया गया है. इससे स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है.

राजीव नगर में अधूरे काम से रोज जाम की समस्या

राजीव नगर मुख्य मार्ग पर अधूरे निर्माण कार्य के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम लग रहा है. एक जगह कार का पहिया गड्ढे में धंसने से घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी.

ALSO READ: डाक विभाग की प्रीमियम सेवा: 24 और 48 घंटे में डिलीवरी की गारंटी, देरी पर मिलेगा पैसा वापस