पटना के फुलवारीशरीफ में तेज रफ्तार कार झोपड़ी में घुसी, चाय बना रही महिला दुकानदार की मौत
Patna Road Accident : पटना के फुलवारी शरीफ में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित चाय की झोपड़ीनुमा दुकान में घुस गई, जिससे महिला दुकानदार सुनीता देवी की मौत हो गई. पुलिस ने शराब के नशे में कार चला रहे आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है.
पटना से अजीत की रिपोर्ट
Patna Road Accident : फुलवारीशरीफ के खोजा इमली के सामने पटना-फुलवारी मुख्य सड़क किनारे रविवार तड़के करीब 4.00 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चाय दुकानदार सुनीता देवी की मौत हो गई. वह अपनी झोपड़ीनुमा दुकान में चाय बना रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे उनकी दुकान में घुस गई और उन्हें गंभीर रूप से कुचल दिया. दुकान पर मौजूद ग्राहकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.
अस्पताल ले जाने के बाद हुई मौत
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सुनीता देवी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका सुनीता देवी, पति संतलाल साहनी, खोजा इमली इलाके में किराये के मकान में रहकर सड़क किनारे चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं. उनकी तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटे सचिन और विपिन हैं. घटना के समय बड़ा बेटा सचिन पटना से बाहर था. हादसे की सूचना मिलने के बाद वह पटना के लिए रवाना हो गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
चालक भागने लगा, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि कार की तलाशी के दौरान उसमें शराब की बोतल और चखना भी मिला, जिससे चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई.
चालक गिरफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाने का केस
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और गर्दनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली. गर्दनीबाग थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक प्रद्युम्न कुमार, जो पटना के रामकृष्ण नगर इलाके का निवासी है, शराब के नशे में कार चला रहा था. उसके खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा
