पटना के सरकारी स्कूलों में कल अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, ये होंगे प्रमुख मुद्दे

Patna Parent-Teacher Seminar: पटना के सरकारी स्कूलों में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी होगी. ड्रॉपआउट रोकने, सरकारी योजनाओं, पोषण, नियमित उपस्थिति और शिक्षा पर चर्चा की जाएगी.

By Sakshi kumari | July 3, 2026 11:42 AM

पटना से अंबर की रिपोर्ट
Patna Parent-Teacher Seminar:
पटना जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए शनिवार को विशेष अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी. इस दौरान विद्यालय छोड़ चुके बच्चों के पुनः नामांकन, नियमित उपस्थिति, सरकारी योजनाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य व पढ़ाई से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी.

Patna Parent-Teacher Seminar: संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य क्या है?

जिला शिक्षा कार्यालय के निर्देशानुसार संगोष्ठी का विषय ‘ड्रॉपआउट, सरकार की योजना एवं विद्यालय की मौलिक सुविधाएं’ रखा गया है. इसका उद्देश्य विद्यालय से बाहर हो चुके बच्चों का दोबारा नामांकन बढ़ाना, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाना है.

अभिभावकों को किन बातों की जानकारी दी जाएगी?

संगोष्ठी में अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. साथ ही उन्हें घर में पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल बनाने, बच्चों की नियमित पढ़ाई पर ध्यान देने और शिक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा.

पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर भी रहेगा जोर

शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करें. अभिभावकों से कहा जाएगा कि वे बच्चों को हल्का और पौष्टिक भोजन कराकर स्कूल भेजें, ताकि वे पूरे दिन स्वस्थ रहकर पढ़ाई कर सकें.

स्कूलों को क्या निर्देश दिए गए हैं?

जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि संगोष्ठी में अधिकतम अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें. इसकी सूचना बच्चों के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाई जाएगी. साथ ही बच्चों के प्रतिदिन साफ-सुथरे यूनिफॉर्म में विद्यालय आने के लिए भी अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा.

संगोष्ठी की रिपोर्ट कैसे भेजी जाएगी?

संगोष्ठी संपन्न होने के बाद सभी विद्यालयों को इसकी जानकारी निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

Also Read: पटना में 3 दिनों से हो रही ई-रिक्शा बैटरी हैकिंग, दिनभर में बंद हुई 300 गाड़ियां, जानिए चीनी एप से कैसे हो रहा खेल