पटना मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों का 75 प्रतिशत सिविल वर्क पूरा, जानिए पटना जंक्शन से कब होगी खुदाई?

Patna Metro Update: पटना मेट्रो का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है. इसके लिए बनाए जा रहे अंडरग्राउंड स्टेशनों का सिविल वर्क लगभग 75 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही जून के अंत तक पटना जंक्शन से खुदाई होने की जानकारी है.

By Preeti Dayal | June 5, 2026 1:35 PM

Patna Metro Update: पटना मेट्रो के कई अंडरग्राउंड स्टेशनों का सिविल वर्क तेजी से पूरा किया जा रहा है. मेट्रो से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, बनाए जा रहे हैं कि अंडरग्राउंड स्टेशनों में राजेंद्र नगर, मोउइनुल हक स्टेडियम, पटना यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन सहित टोटल सात स्टेशनों का सिविल वर्क लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है.

पटना यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन पर सीढ़ियों का निर्माण कार्य, कॉनकोर्स स्तर पर ग्रेनाइट फिक्सिंग का कार्य स्टेशन को आकर्षक, आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल स्वरूप देने के लिए तेजी से काम हो रहा है. जानकारी के अनुसार, इन मेट्रो स्टेशनों का काम नवंबर, 2027 में पूरा होना है.

उद्घाटन के लिए आदेश मिलने का इंतजार

अब तक की जानकारी के मुताबिक, भूतनाथ से मलाही पकड़ी मेट्रो लाइन और मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का काम पूरा हो चुका है. इसकी शुरुआत के लिए सीएमआरएस से फाइनल स्वीकृति भी मिल चुकी है. अब पटना मेट्रो को मंत्रालय और राज्य सरकार स्तर पर उद्घाटन के लिए निर्देश मिलने का इंतजार है.

कब तक पटना जंक्शन पर लगेगी टीबीएम मशीन?

पटना जंक्शन गोलंबर के पास बैरिकेडिंग और खुदाई का काम शुरू होना है. गहरी खुदाई के लिए नई टीबीएम मशीन भी तैनात की जा रही है. जून के अंत में नई टीबीएम मशीन यहां लॉन्च होगी. पटना जंक्शन पर एक बड़ा इंटरचेंज स्टेशन होगा, जिसे पुराने दूध मार्केट और बुद्धा स्मृति पार्क के पास एंट्री-एग्जिट के साथ जोड़ा जायेगा.

साथ ही मीठापुर इलाके से मेट्रो लाइन अंडरग्राउंड से एलिवेटेड ट्रैक में बदल जायेगी. मीठापुर के पास ढांचा तैयार है. पटना जंक्शन मेट्रो स्टेशन पर रिट्रीवल शाफ्ट का निर्माण निर्धारित योजना के अनुसार होगा. इस तरह से मेट्रो के काम को तेजी से पूरा किया जा रहा है.

Also Read: पटना में खान सर पर FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस, दो बॉडीगार्ड पहले हो चुके हैं गिरफ्तार