खुसरूपुर में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, सब्जी खरीदकर लौट रही थीं घर

Patna News: खुसरूपुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय 55 वर्षीय महिला पटना-दुमका एक्सप्रेस की चपेट में आ गई. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. जीआरपी ने शव परिजनों को सौंप दिया.

By Prabhat Khabar News Desk | July 5, 2026 10:01 PM

Patna News: पटना के खुसरूपुर में रविवार की सुबह करीब 07:13 बजे पश्चिमी रेल फाटक को पार करने के दरम्यान एक महिला डाउन लाइन के तरफ से आ रही 13334 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं. ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी टक्कर लगते ही महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा रेल पोल संख्या 513/14 के समीप घटित हुआ. घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मृतका की हुई पहचान

स्थानीय नागरिकों की मदद से मृतका की पहचान खुसरूपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-02 निवासी रामबालक गोस्वामी की पत्नी सीता देवी (55 वर्ष) के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, सीता देवी सुबह-सुबह अपने घर से दैनिक उपयोग की सब्जियां खरीदने के लिए पास के सब्जी मंडी गई थीं. वहां से खरीदारी कर लौटने के दौरान जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आ गई.

लोगों की आवाज नहीं सुन सकीं

ट्रैक पर ट्रेन को आते देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने महिला को सतर्क करने और बचाने के लिए जोर-जोर से आवाज भी लगाई, लेकिन वह संभवतः ट्रेन के शोर के कारण आवाज सुन नहीं सकीं और डाउन एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं. घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही रेल पोस्ट प्रभारी रविकांत शर्मा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया.

बिना पोस्टमार्टम सौंप दिया शव

हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में पूरी तरह कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते जीआरपी पोस्ट पहुंचे. परिजनों ने मानसिक स्थिति और धार्मिक कारणों का हवाला देते हुए पुलिस से शव का पोस्टमार्टम न कराने का लिखित आग्रह किया. उनके इस लिखित अनुरोध को स्वीकार करते हुए जीआरपी पुलिस ने आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. इस घटना के बाद से पूरे पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: पटना: प्रेम प्रसंग में युवक ने प्रेमिका के भाई को मारी गोली, भागने के दौरान छत से गिरकर आरोपी की मौत