Patna Cyber Crime : साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर सस्ते और आसान लोन का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवती समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अक्षय कुमार, शिवम कुमार और रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है. तीनों को चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के योगीपुर स्थित एक फ्लैट से पकड़ा गया, जहां फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था.
पुलिस के अनुसार अक्षय कुमार नवादा जिले के वारिसलीगंज का रहने वाला है, जबकि रिमझिम कुमारी दीघा थाना क्षेत्र के पाटीपुल इलाके की निवासी है. अक्षय और शिवम योगीपुर स्थित किराये के फ्लैट में रहकर इस गिरोह का संचालन कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर फंसाते थे लोग
जांच में सामने आया कि गिरोह फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सस्ते ब्याज और आसान प्रक्रिया से लोन दिलाने का विज्ञापन देता था. विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को रिमझिम कुमारी कॉल कर भरोसे में लेती थी. इसके बाद उनसे आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और अन्य दस्तावेज मंगवाए जाते थे.
आरोपित पीड़ितों को फर्जी लोन अप्रूवल लेटर भेजकर विश्वास दिलाते थे कि उनका लोन स्वीकृत हो गया है. इसके बाद जीएसटी, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा कराए जाते थे.
छापेमारी में भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैब, 15 एटीएम कार्ड, पांच चेकबुक, चार पासबुक, तीन नोटबुक और 6.08 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक अन्य लोगों के नाम पर हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने और निकालने में किया जाता था.
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
