Patna Cyber Crime : पटना पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में तैनात चालक नंद कुमार सिंह का मोबाइल फोन गुम होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 2.40 लाख रुपये की निकासी कर ली. मामले में पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
नंद कुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के ज्ञानपुरा के निवासी हैं. उनके मोबाइल नंबर से बैंक खाता लिंक था. आरोप है कि मोबाइल हाथ लगने के बाद बदमाशों ने उसी के जरिए यूपीआई आईडी बनाकर खाते से 2.40 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए. नया मोबाइल और सिम लेने के बाद उन्हें खाते से रुपये निकासी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
महिला सिपाही के भाई से भी एक लाख की ठगी
इधर, एसएसपी की स्टिक ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही सुजाता कुमारी के भाई यशवंत कुमार का भी मोबाइल फोन गुम हो गया. मोबाइल गुम होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये की निकासी कर ली. रुपये निकलने की जानकारी मिलने पर महिला सिपाही ने अपने भाई की ओर से साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई.
जांच में जुटी साइबर पुलिस
दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल की लोकेशन, यूपीआई ट्रांजेक्शन और जिन खातों में राशि भेजी गई है, उनकी जानकारी जुटाकर साइबर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
