Bihar Sharif News : लहेरी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनगंज मोहल्ले में स्थित एक जर्जर और खंडहरनुमा दो मंजिला मकान से मंगलवार को एक युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना ने शहर में नशे के बढ़ते नेटवर्क और प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
लंबे समय से नशेड़ियों व ड्रग्स तस्करों का बना था अड्डा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह खंडहर लंबे समय से नशेड़ियों और ड्रग्स तस्करों का सुरक्षित अड्डा बना हुआ था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई स्थायी कार्रवाई नहीं की गई।
शव मिलने के बाद पुलिस ने जब भवन की तलाशी ली तो अलग-अलग कमरों से नशीली दवाओं की खाली शीशियां, इस्तेमाल की गई सिरिंज, इंजेक्शन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई. इससे स्पष्ट संकेत मिला कि यहां लंबे समय से नशे का कारोबार और सेवन बेरोकटोक चल रहा था.
17 मार्च को लोगों ने एसपी से शिकायत की थी
स्थानीय लोगों ने बताया कि 17 मार्च को ही पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर इस इलाके को नशे के अड्डे से मुक्त कराने की मांग की गई थी. आवेदन में आशंका जताई गई थी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है, जो अब सच साबित हो गई है.
मोहल्लेवासियों के अनुसार, शुरुआती दिनों में पुलिस ने अभियान चलाकर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में कार्रवाई ढीली पड़ गई और खंडहर में फिर से नशेड़ियों का जमावड़ा शुरू हो गया.
खंडहर भवन में नशेड़ियों की गतिविधियां जारी रही
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए खुद कमेटी बनाई, चंदा इकट्ठा कर इलाके में रोशनी की व्यवस्था भी की, लेकिन इसके बावजूद खंडहर भवन में नशेड़ियों की गतिविधियां जारी रहीं.
विरोध पर नशेड़ी देते थे धमकी
ग्रामीणों का आरोप है कि यह जर्जर भवन न केवल नशे का अड्डा है, बल्कि यहां लूट, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी साजिश रची जाती थी. विरोध करने पर कई बार लोगों को धमकी और मारपीट का सामना भी करना पड़ा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
