पटना: रूपसपुर में पिस्टल के बल पर स्नैचिंग करने वाले गिरोह का खुलासा, एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा
Patna Crime : पटना पुलिस ने पिस्टल के बल पर स्नैचिंग करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए राहुल प्रियदर्शी उर्फ विकी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर रूपसपुर, कंकड़बाग और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में चोरी और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
पटना से आनंद की रिपोर्ट
Patna Crime : राजधानी में पिस्टल के बल पर स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पटना पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कदमकुआं थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी राहुल प्रियदर्शी उर्फ विकी के रूप में हुई है, जो रूपसपुर थाना का वांछित अभियुक्त था.
एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि
पुलिस के अनुसार जून 2026 के दौरान कंकड़बाग और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में पिस्टल के बल पर लगातार स्नैचिंग की घटनाएं हो रही थीं. इसी दौरान रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित सरयुग वामिका अपार्टमेंट के तीन फ्लैटों में एक ही दिन बड़ी चोरी की वारदात हुई थी. इस मामले में 12 जून को रूपसपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
जांच में सामने आया गिरोह का नेटवर्क
अनुसंधान के दौरान घटनास्थलों से मिले सुराग, आरोपियों के हुलिये और अपराध करने के तरीके के आधार पर पुलिस ने पाया कि सभी वारदातों को एक ही संगठित गिरोह अंजाम दे रहा था. जांच के क्रम में राहुल प्रियदर्शी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल प्रियदर्शी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में संगठित अपराध से जुड़े चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पटना पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: किसान पिता के संघर्षों का परिणाम, बेटा SDO बन पहली बार पहुंचा घर, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत
