पटना: साथी की गोली से घायल हुआ युवक, वारदात के बाद बाइक भी ले उड़ा आरोपी

Patna Crime: पटना के सैदनपुर गांव में एक युवक को उसके ही साथी ने कथित तौर पर गोली मार दी और बाइक लेकर फरार हो गया. घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है.

By Nikhil Anurag | June 10, 2026 9:54 PM

Patna Crime: (अजित कुमार की रिपोर्ट) पचरुखिया थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. घायल युवक की पहचान रामकृष्ण नगर के नया चक निवासी विकास कुमार (36 वर्ष), पिता अजय सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पचरुखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

साथी पर गोली मारने का आरोप

पुलिस को दिए गए प्रारंभिक बयान में विकास कुमार ने बताया कि वह अपने एक परिचित के साथ वाहन से सैदनपुर गांव आया था. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद उसके साथी ने अचानक उसकी पीठ में गोली मार दी. गोली लगते ही विकास कुमार जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया.

बाइक लेकर भागने का आरोप

घायल युवक ने आरोप लगाया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर भी फरार हो गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

पचरुखिया थाना पुलिस का कहना है कि घायल का बयान दर्ज कर लिया गया है. युवक ने अपने ही साथी पर गोली मारने का आरोप लगाया है. हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. साथ ही फरार आरोपी द्वारा ले जाए गए वाहन की भी तलाश की जा रही है.

गिरफ्तारी के बाद होगा खुलासा

थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवक के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गोलीबारी के पीछे की पूरी वजह सामने आ सकेगी.

Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज