पटना में अपहरण के बाद पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, प्रभारी थानाध्यक्ष को लगी गोली, एम्स रेफर
Patna Crime: पटना के मसौढ़ी में अपहरण की घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. फायरिंग में प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार को गोली लग गई जबकि एएसआई संजय सिंह के हाथ में गोली के छर्रे लग गये. गोली लगने के बाद प्रभारी थानाध्यक्ष को एम्स रेफर किया गया है. पुलिस ने अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया है. मामला मोबाइल खरीद-बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है और जांच जारी है.
Patna Crime: (अजय कुमार की रिपोर्ट) मसौढ़ी में शुक्रवार की देर शाम हुई अपहरण की एक घटना ने हिंसक मोड़ ले लिया. नगर के मनीचक धाम स्थित तालाब के समीप अगवा युवक को बचाने पहुंची पुलिस टीम और हथियारबंद बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मसौढ़ी के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार जहां गंभीर रूप से घायल हो गए वही एक एएसआई संजय कुमार को हाथ में गोली लग गयी, जिससे वे भी जख्मी हो गये. प्रभारी थानाध्यक्ष को उपचार के लिए पटना एम्स रेफर किया गया है.
अपहरण की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत शुक्रवार देर शाम तब हुई, जब एक कार पर सवार होकर आए करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया. वे युवक को जबरन मनीचक तालाब के पास से पश्चिम खंधे की ओर ले जा रहे थे. इधर ग्रामीणों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर उन्हें धमकाया. इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इधर जवाबी कार्रवाई में पुलिस भी फायरिंग करना शुरू कर दिया. पुलिस और बदमाशों के बीच करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलीं. इस दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार को बाये पैर में गोली लग गयी, जबकि एएसआई संजय सिंह के हाथ में गोली के छर्रे लग गये. जिससे दोनो जख्मी हो गये. इसी अफरा-तफरी का लाभ उठाकर अपहृत युवक बदमाशों के चंगुल से किसी तरह भागकर पुलिस वाहन तक पहुंच गया, जहां उसे सुरक्षित बचा लिया गया. बताया जा रहा है कि युवक मसौढ़ी के संगतपर का निवासी है. मुठभेड़ में एक अपराधी के भी घायल होने की सूचना है, जो साथियों के साथ मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक जब्त की है और दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है.
मोबाइल खरीद-बिक्री से जुड़ा है मामला
सूत्रों के अनुसार, यह अपहरण ऑनलाइन मोबाइल खरीद-बिक्री से जुड़ा हो सकता है. चर्चा है कि युवक मोबाइल बेचने के लिए बदमाशों के झांसे में आया था. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी ठोस नतीजे की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा.
पुलिस के सादे लिबास में देख बदमाशों ने गोली चला दी
ऐसी चर्चा है कि बदमाशों का पहले ग्रामीणों से भिडंत हो गया था जिसे बदमाश हथियार देखा चुप करा दिये थे. इसी बीच प्रभारी थानाध्यक्ष कुछ पहुंच के साथ पहुंच बदमाशों का पीछा करने लगे. बदमाश पुलिस को सादे लिबास में देख ग्रामीण समझ संभवतः गोली चला दी, जिससे प्रभारी थानाध्यक्ष व एक एएसआई जख्मी हो गया.
