पटना में सिर कटी लाश मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, नाले से बरामद हुआ मृतक का सिर

Patna Crime News: पटना के चर्चित सिर कटी लाश मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है. आरोपियों की निशानदेही पर मृतक चंदन कुमार का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है.

By Abhinandan Pandey | June 2, 2026 3:24 PM

Patna Crime News: पटना में सिर कटी लाश मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिले शव के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया है. सिर मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव

जानकारी के अनुसार, 13 मई को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन से सटे सुनसान इलाके में एक सिर कटी लाश बरामद हुई थी. बाद में मृतक की पहचान अनीसाबाद निवासी चंदन कुमार के रूप में की गई. चंदन पेशे से ऑटो चालक था.

ऑटो चलाने की बात कहकर घर से निकला था चंदन

परिजनों के मुताबिक, चंदन कुमार 12 मई को ऑटो चलाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी. कुछ दिनों बाद रेलवे ट्रैक के पास उसका शव बरामद हुआ था.

आरोपियों की निशानदेही पर मिला कटा हुआ सिर

पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक नाले से मृतक का कटा हुआ सिर और उसके कुछ कपड़े बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद किसी धारदार हथियार से सिर को धड़ से अलग किया गया था.

दो आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने छोटू कुमार और अमित उर्फ दिलावर को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी और मृतक कौशल नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है.

हत्या के कारणों की जांच जारी

मृतक का सिर बरामद होने के बाद पुलिस को मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम सफलता मिली है. हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है.

एयरपोर्ट थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है. हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है.

Also Read: सम्राट चौधरी बोले- जिस दिन पार्टी कहेगी झोला उठाकर चल दूंगा, जानिए बिहार के सीएम ने क्यों कही ये बात