कैंपस : 17 जून को ही टेलीग्राम पर बेचे जा रहे थे यूजीसी नेट के अलग-अलग विषयों के प्रश्नपत्र

यूजीसी नेट पेपर लीक में राज्य में भी अलग-अलग विषयों के पेपर चार से आठ हजार में बिके हैं.

By Prabhat Khabar News Desk | June 21, 2024 10:33 PM

संवाददाता, पटना यूजीसी नेट पेपर लीक में राज्य में भी अलग-अलग विषयों के पेपर चार से आठ हजार में बिके हैं. स्टूडेंट्स के ग्रुप ने बताया कि अलग-अलग विषयों के पेपर 17 जून को ही टेलीग्राम चैनल के अलग-अलग ग्रुप पर आ गये थे. प्रश्न ऑनलाइन बेचे भी जा रहे थे. अलग-अलग विषयों के लिए अलग-अलग रेट तय था, लेकिन किसी को विश्वास नहीं हुआ था कि ये ऑरिजनल प्रश्नपत्र होंगे. क्योंकि इस तरह के ग्रुप हमेशा कोई-न-कोई एग्जाम के दौरान प्रश्न बेचते हैं. अधिकारियों के अनुसार प्रश्न पत्र करीब दो दिन पहले डार्क वेब और टेलीग्राम पर बेचे जा रहे थे. टेलीग्राम पर कई ग्रुप ऐसे मिले, जहां यूजीसी नेट 2024 से जुड़े विषयों पर बातचीत हो रही थी और पेपर बेचा जा रहा था. एनटीए के अधिकारी ने बताया कि टेलीग्राम ग्रुप का पता लगा गया है जहां से पेपर बेचा जा रहा था. गौरतलब है कि यूजीसी नेट जून 2024 की परीक्षा 18 जून को आयोजित की गयी थी. पिछले छह साल तक ऑनलाइन एग्जाम होने के बाद इस साल एनटीए ने ऑफलाइन मोड में नेट कराने का फैसला लिया था. 18 जून को दो शिफ्ट में देशभर में यूजीसी नेट परीक्षा हुई, फिर अगले ही दिन 19 जून की रात 10 बजे के बाद शिक्षा मंत्रालय यूजीसी नेट जून 2024 रद्द कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है