महाराष्ट्र TET पेपर लीक: बेटी के बर्थडे से पहले घर पहुंची पुलिस, परीक्षा माफिया फरार, पत्नी गिरफ्तार

Maharashtra TET Paper Leak: TET 2026 पेपर लीक मामले में बेटी के जन्मदिन पर घर आने की सूचना के बाद पुलिस ने दबिश दी. परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता फरार हो गया जबकि उसकी पत्नी सुमन कुमारी गिरफ्तार कर ली गई.

By Karuna Tiwari | July 1, 2026 7:30 AM

पटना से नितिश की रिपोर्ट
Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित घर जरूर आएगा. इसी सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र के ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने सोमवार देर रात अगमकुआं के गांधी नगर स्थित उसके फ्लैट पर दबिश दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही बिजेंद्र फरार हो गया.

घर में बर्थडे की तैयारी, लेकिन पत्नी हुई गिरफ्तार

बेटी के जन्मदिन के लिए घर में पूरी तैयारी की जा चुकी थी. घर के बाहर टेंट लगाया गया था और भोज का आयोजन होना था. मंगलवार सुबह मिठाई बनाने के लिए कारीगर पहुंचे तो फ्लैट पर ताला लटका मिला. आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिस रात में बिजेंद्र की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई.

इन्हें भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में परीक्षा माफिया बिजेंद्र की पत्नी को पुलिस ने उठाया

पति नहीं मिला, पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया

पुलिस ने काफी देर तक बिजेंद्र का इंतजार किया, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा. इसके बाद उसकी पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया. महाराष्ट्र पुलिस उसे भिवंडी ले गई, जहां मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद छह जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी के दौरान फ्लैट से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए.

Maharashtra TET Paper Leak: पत्नी पर क्या हैं आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार सुमन कुमारी को अपने पति की कथित प्रश्नपत्र लीक योजना की पूरी जानकारी थी. आरोप है कि वह अवैध कमाई का हिसाब रखती थी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पैसों की व्यवस्था भी करती थी. पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं.

पहले तीन आरोपी हुए थे गिरफ्तार

इस मामले में 27 जून को महाराष्ट्र पुलिस ने पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को ठाणे के भिवंडी स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया था. इनके पास से TET परीक्षा के चार सेट प्रश्नपत्र बरामद हुए थे. पूछताछ में तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया था.

25 साल से सक्रिय बताया जा रहा है बिजेंद्र

जांच में सामने आया है कि बिजेंद्र गुप्ता पिछले करीब 25 वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक कराने के नेटवर्क से जुड़ा रहा है. पुलिस के अनुसार उसने इस धंधे से करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है और कई जगह फ्लैट खरीदे हैं. यह भी आरोप है कि TET प्रश्नपत्र बेचने के लिए उसने खरीदारों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की मांग की थी. उसका नाम वर्ष 2023 के ओडिशा JEE पेपर लीक मामले में भी सामने आया था. उसके खिलाफ बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में केस दर्ज बताए जा रहे हैं.

ALSO READ: पटना के इस इलाके में अब नहीं कटेगी बिजली, इसी हफ्ते शुरू होगा नंदलाल छपरा पावर सब स्टेशन