पटना: प्रेम प्रसंग में युवक ने प्रेमिका के भाई को मारी गोली, भागने के दौरान छत से गिरकर आरोपी की मौत
Love Affair Crime Patna : पटना के राजीव नगर में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक ने कथित तौर पर प्रेमिका के भाई को गोली मार दी. घटना के बाद भागने के दौरान आरोपी छत से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने घटनास्थल से देसी पिस्टल और खोखा बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Love Affair Crime Patna : राजीव नगर थाना क्षेत्र में रविवार को प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के भाई को गोली मार दी. घटना के बाद भागने के प्रयास में आरोपी मकान की छत से कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
गोली मारने के बाद भागते समय हुई मौत
मृतक की पहचान मोतिहारी जिले के प्रियस रंजन के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान राजू कुमार के रूप में की गई है. घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है.
इलाके में मचा हड़कंप
एक ही समय में गोलीबारी और युवक की मौत की घटना से राजीव नगर इलाके में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की.
घायल का चल रहा इलाज
गोली लगने से घायल राजू कुमार को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है. साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा
