नीतीश की मर्जी के बिना पत्ता भी नहीं हिलता, सीएम के राज्यसभा जाने के फैसले पर बोले ललन सिंह

Nitish Kumar: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने साफ कर दिया है कि जदयू और बिहार सरकार में हर फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मर्जी से होता है. उन्होंने आरसीपी सिंह पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनका नाम सुनते ही मुख्यमंत्री गुस्से से लाल हो जाते हैं.

By Paritosh Shahi | March 6, 2026 4:56 PM

Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में हो रहे उठापटक के बीच ललन सिंह की नाराजगी की खबर आ रही थी. अब उन्होंने सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने फैसले पर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार के भीतर जो भी निर्णय लिए गए हैं, वे पूरी तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मर्जी और आदेश पर हुए हैं.

आरसीपी सिंह पर तीखा हमला

पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह का नाम लिए बिना ललन सिंह ने उन पर हमला किया. उन्होंने कहा कि जो लोग अब पार्टी का हिस्सा नहीं हैं, उनकी बातों की कोई अहमियत नहीं है. ललन सिंह ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि आरसीपी सिंह एक ऐसा नाम है जिसे सुनते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुस्से से लाल हो जाते है. मुख्यमंत्री उनका नाम तक सुनना पसंद नहीं करते.

नीतीश के स्वभाव को समझना जरूरी

कांग्रेस की प्रतिक्रियाओं पर बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि जो लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वभाव को नहीं जानते, वही इस तरह की बातें करते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार एक ऐसे नेता हैं जिनके इरादों और इच्छा के खिलाफ कोई भी व्यक्ति कुछ नहीं कर सकता. पार्टी के भीतर और बाहर उनके फैसलों का पत्थर की लकीर होना तय है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कौन होगा अगला मुख्यमंत्री?

बिहार के भविष्य और अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही अटकलों पर भी ललन सिंह ने विराम लगा दिया. उन्होंने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भी खुद नीतीश कुमार ही करेंगे. इस बयान से ललन सिंह ने यह संकेत दे दिया है कि गठबंधन और पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर कोई संशय नहीं है और पूरी कमान आज भी नीतीश कुमार के हाथों में है.

इसे भी पढ़ें: 11 मार्च से बिहार के कई हिस्सों में शुरू होगा आंधी-तूफान का दौर, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

लालू-राबड़ी दौर में भाजपा को मजबूती देने वाले नंद किशोर यादव को मिला बड़ा ईनाम, जानिए इनके बारे में