खान सर का बॉडीगार्ड यूपी से लाया था हथियार, पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं, जांच में हुआ खुलासा
Khan Sir Controversy: खान सर गोलीकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं. अब जांच में बॉडीगार्ड की नियुक्ति और हथियार से जुड़ी प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है.
Khan Sir Controversy: (पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट) खान सर गोलीकांड की जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, खान सर के बॉडीगार्ड तालेबर सिंह पर बिना अनुमति के उत्तर प्रदेश से हथियार लेकर बिहार आने और नौकरी करने का आरोप है. जांच में यह भी दावा किया गया है कि इस हथियार का स्थानीय स्तर पर कोई पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था.
बिना सूचना के बिहार लाया गया हथियार
पुलिस के मुताबिक, तालेबर सिंह ने बिहार में हथियार के साथ नौकरी शुरू करने से पहले स्थानीय प्रशासन, संबंधित थाने या आर्म्स मजिस्ट्रेट को इसकी सूचना नहीं दी. जांच एजेंसियों का कहना है कि दूसरे राज्य का लाइसेंसी हथियार लेकर किसी अन्य राज्य में पेशेवर सुरक्षा ड्यूटी करने के लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होता है. इसी पहलू की जांच की जा रही है.
खान सर की भूमिका पर भी सवाल
जांच के दौरान पुलिस ने यह भी दावा किया है कि खान सर ने बॉडीगार्ड को अपने साथ रखा, लेकिन उसका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया. पुलिस का कहना है कि इस मामले में यह भी जांच का विषय है कि हायरिंग के समय सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. जांच के दौरान बरामद हथियार को भी जब्त कर लिया गया है. अब पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच आगे बढ़ा रही है.
आगे क्या करेगी पुलिस?
सूत्रों के मुताबिक, जांच के अगले चरण में खान सर से भी पूछताछ की जा सकती है. पुलिस यह जानना चाहती है कि बॉडीगार्ड की नियुक्ति के समय वेरिफिकेशन क्यों नहीं कराया गया और हथियार से जुड़े नियमों का पालन हुआ था या नहीं.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपों की सत्यता का अंतिम फैसला जांच पूरी होने और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा.
Also Read: भरत तिवारी के भाई ने SP राज पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने दी सफाई, जानिए पूरा मामला
