PMCH में लगेंगी हाईटेक लेजर मशीनें, आंख-स्किन के मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

Bihar News: PMCH में जल्द ही नई अत्याधुनिक लेजर मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे आंख, स्किन और प्लास्टिक सर्जरी के मरीजों को बेहतर और तेज इलाज मिल सकेगा.

By Abhinandan Pandey | March 30, 2026 7:10 PM

Bihar News: पटना PMCH में मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है. यहां आंख, स्किन और प्लास्टिक सर्जरी विभाग को जल्द ही अत्याधुनिक लेजर मशीनों की सुविधा मिलने जा रही है. लंबे समय से खराब हो रही पुरानी मशीनों को हटाकर नई तकनीक से लैस उपकरण लगाए जाएंगे.

पुरानी मशीनों से इलाज हो रहा था प्रभावित

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौजूदा लेजर मशीनें 10 साल से अधिक पुरानी हो चुकी हैं और बार-बार खराब हो रही थीं. इससे मरीजों के इलाज में देरी हो रही थी और उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.

स्वास्थ्य विभाग ने लिया संज्ञान

मामले को लेकर अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी थी. इसके बाद निर्देश जारी करते हुए Bihar Medical Services and Infrastructure Corporation Limited को नई मशीनों की खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

छह महीने में मिलेगी नई सुविधा

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले छह महीने के भीतर नई लेजर मशीनें उपलब्ध हो जाएंगी. इसके बाद मरीजों को आधुनिक और सटीक इलाज मिल सकेगा.

इलाज में होगा बड़ा सुधार

नई मशीनों के लगने से नेत्र विभाग में रेटिना और जटिल आंखों के रोगों का बेहतर इलाज संभव होगा. स्किन विभाग में दाग-धब्बे, पिगमेंटेशन और अन्य त्वचा रोगों का आधुनिक तरीके से उपचार किया जाएगा. वहीं, प्लास्टिक सर्जरी में जलने के निशान और स्कार हटाने की प्रक्रिया और बेहतर हो जाएगी.

मरीजों की भीड़ होगी कम

नई तकनीक आने से इलाज की प्रक्रिया तेज होगी और मरीजों की लंबी कतार में कमी आएगी. साथ ही, गंभीर मरीजों को दूसरे अस्पताल रेफर करने की जरूरत भी कम पड़ेगी. विशेषज्ञों के अनुसार, आधुनिक लेजर तकनीक से इलाज के दौरान दर्द कम होता है और मरीज तेजी से ठीक होते हैं. साथ ही, नई मशीनें पुरानी की तरह बार-बार खराब नहीं होंगी, जिससे इलाज में रुकावट नहीं आएगी.

Also Read: नीतीश के इस्तीफे पर पप्पू यादव का हमला, बोले- CM बदला तो BJP-JDU दोनों की होगी दुर्गति