सड़कों पर बह रहा नाले का पानी नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन

पटना सिटी. वार्ड 47के पंचवटी नगर के थ्री एक्स गली में बजबजाते नाले का पानी सड़कों पर बहने से आवाजाही में हो रही परेशानी पर नाराज नागरिकों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया.

By Prabhat Khabar News Desk | June 12, 2024 12:50 AM

पटना सिटी. वार्ड 47के पंचवटी नगर के थ्री एक्स गली में बजबजाते नाले का पानी सड़कों पर बहने से आवाजाही में हो रही परेशानी पर नाराज नागरिकों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जलजमाव की समस्या कायम है, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह होगी. आंदोलन पर उतरे लोगों में कृष्णा रजक, पंकज पोद्दार, उर्मिला सिन्हा, आशुतोष कुमार, राजेश कुमार, शशिकांत सिन्हा, उर्मिला सिन्हा समेत अन्य का कहना है कि सड़क नहीं रहने की स्थिति में पहले से समस्या है, अब नाले का पानी सड़कों बह रहा है. ऐसे में स्थिति यह है कि कुछ घरों में तो सुबह व शाम को नाले का पानी भी घुस जाता है. सड़क पर पानी बहने से महिलाओं व बच्चों को आवाजाही में ज्यादा परेशानी होती है. पाटलिपुत्र नगर विकास समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू ने कहा लगभग पांच हजार की आबादी को यह समस्या झेलनी पड़ रही है. सुबह व शाम को सड़क पर पानी बहने से लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है. बरसात में स्थिति भयावह होगी, यह डेंगू प्रभावित क्षेत्र है. इस मामले में पार्षद सतीश कुमार गुप्ता का कहना है कि ढाई दशक पुराने नाला है. चैंबर जाम होने की वजह से कभी कभार जलजमाव की समस्या होती है. नाला उड़ाही कार्य कराया जायेगा. सड़क व नाला निर्माण के लिए योजना बनाया गया है. योजना के मंजूरी के बाद जल्द कार्य आरंभ होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है