भरत तिवारी एनकाउंटर पर पहली बार बोले CM सम्राट चौधरी, कहा- जो गलत होगा उस पर होगी कार्रवाई

Samrat Choudhary On Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में 8 दिन बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सरकार ने उच्चस्तरीय न्यायिक जांच आयोग बनाया है और जांच में जो भी गलत पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.

By Abhinandan Pandey | June 25, 2026 3:17 PM

Samrat Choudhary On Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है और यदि किसी स्तर पर गलती पाई जाती है तो कार्रवाई तय है. उन्होंने यह बात पटना के ज्ञान भवन में आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में कही.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी कोई समस्या सामने आती है, सरकार तुरंत चिंतित होकर आगे बढ़ती है. इस मामले में राज्य के सबसे उच्च स्तर के आयोग का गठन किया गया है. जो गलत होगा, उस पर कार्रवाई होगी.

न्यायिक जांच शुरू, बिलौटी पहुंचे रिटायर्ड जज

भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच भी शुरू हो गई है. गुरुवार को पटना हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा अपनी टीम के साथ शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव पहुंचे. उनके साथ शाहाबाद रेंज के DIG सत्य प्रकाश, भोजपुर के DM तनय सुल्तानिया, SP राज और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

परिजनों से मिले, घटनास्थल का किया निरीक्षण

रिटायर्ड जज ने भरत तिवारी के माता-पिता और भाई से मुलाकात की. उन्होंने परिवार का पक्ष सुना और घटना से जुड़े स्थानों का भी निरीक्षण किया. जांच आयोग पूरे मामले की तथ्यात्मक जानकारी जुटाने में लगा है.

भरत की मां बोलीं- दोषियों को फांसी मिले

जांच टीम से मुलाकात के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि उन्होंने जज से अपने बेटे की हत्या में शामिल सभी लोगों को फांसी देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि मामले की CBI जांच होनी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

8 दिन बाद परिजनों से मिले भोजपुर SP

एनकाउंटर के आठ दिन बाद भोजपुर के SP राज भी भरत तिवारी के घर पहुंचे. उन्होंने करीब एक घंटे तक परिवार से बातचीत की. SP ने कहा कि वे परिवार का दर्द और पक्ष सुनने आए हैं. साथ ही निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिलाया.

महापंचायत से विधानसभा घेराव की चेतावनी

बुधवार को बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में महापंचायत आयोजित की गई. इसमें शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि भरत तिवारी की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो श्राद्धकर्म के बाद विधानसभा का घेराव किया जाएगा.

Also Read: भरत की मां रिटायर्ड जज से बोलीं- बेटे के हत्यारों को फांसी हो, SDM भी दोषी, बिलौटी पहुंचकर विनोद कुमार सिन्हा ने की जांच